CM को अचानक अपने बीच पाकर ग्रामीण हुए गदगद, पेड़ के छाँव मे मुख्यमंत्री ने ग्राम-सरोधी में लगाया चौपाल
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़ // सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज अचानक खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिला के विकासखण्ड-छुईखदान के ग्राम-सरोधी पहुंचे। मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर ग्रामीण बेहद गदगद होकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान गांव की महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने CM साय को महुआ, चार, आम, रखिया बड़ी की टोकरी भेंटकर उनका स्वागत किया। इसी तरह स्कूली छात्रों ने भी अपने हाथों से बनाएं गुलमोहर एवं कनेर फूल के गुलदस्ता से स्वागत किया।
कटहल और गुलमोहर पेड़ के बीच खाट में बैठकर ग्रामीणों से किया संवाद, सुनी समस्याएं, समाधान के दिए निर्देश-
मुख्यमंत्री साय ने सरोधी गांव में के पूर्व माध्यमिक शाला के मैदान में स्थित कटहल और गुलमोहर पेड़ के नीचे खाट में बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि आप सब को मालूम है कि हमारे छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार चल रहा है। यह 1 मई से 10 जून तक चलेगा। लगभग 40 दिनों में पूरा सरकार आपके द्वार पहुंचेगा। सुशासन तिहार में हम आपका हाल-चाल, सुख -दुख सुनने, महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में जानने आपके गांव, आपके बीच आए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता का प्रतीक है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाएं कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार पहले गांव-गांव से समस्याएं एकत्रित की गई थीं और बाद में समाधान शिविर लगाकर उनका निराकरण किया गया था। इस वर्ष भी 40 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में यही प्रक्रिया अपनाई जा रही है।


| CM साय ने कहा कि मुझे बताया गया है कि आपके गाँव में कुल 70 स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास में से 14 लोगों का बनकर तैयार हो गए हैं एवं 43 प्रगतिरत है। इसी तरह इस गांव में बड़ी संख्या में हमारे विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समाज के लोग निवासरत है। प्रधानमंत्री जनमन आवास के माध्यम से 65 मकान स्वीकृत हुए हैं। जिसमें 63 घर पूर्ण बनकर तैयार हो गए है।। गांव में वन विभाग द्वारा विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा के 59 हितग्राही सहित कुल 165 लोगो को व्यक्तिगत वन अधिकार पट्टा प्रदान किया गया है। साथ ही 9 सामुदायिक वन अधिकार पत्र प्रदान किए है। यहां योजनाओं की अच्छी स्थिति दिख रही है। |
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से शासन की योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, राशन, स्कूल में बच्चों की शिक्षा सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने चौपाल मे उपस्थित ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और एक-एक कर उनकी समस्या के बारे में पूछा तथा अधिकारियों को जन समस्याओं को जल्द से जल्द निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने इस दौरान मुख्य रूप से गांव में जलजीवन मिशन की समस्या के बारे में अवगत कराया, जिस पर मुख्यमंत्री साय तत्काल संबधित विभाग अधिकारी को व्यवस्था को तत्काल दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की घोषणाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनचौपाल में ग्राम-सरोधी में पीडीएस गोदाम हेतु भवन, नवीन ग्राम पंचायत भवन, पूर्व माध्यमिक शाला सरोधी के लिए नवीन भवन की घोषणा की। साथ ही छुईखदान से बकरकट्टा मार्ग लम्बाई 8 कि.मी. में चौडीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, तेन्दूभाठा से जोम ओटेबंध तक सड़क निर्माण कार्य पुल-पुलिया सहित लंबाई 4 कि.मी., साल्हेवारा-पण्डरापानी समुन्दधानी मार्ग पर मगुरदा नाला पर पुल निर्माण, पी.एच.सी बकरकट्टा में “108 एम्बुलेन्स’ की तैनाती, बकरकट्टा से नवागांव सड़क लंबाई 2.70 कि.मी. नवीनीकरण की स्वीकृति तथा क्षेत्र में 33केवी विद्युत सब स्टेशन की घोषणा की। लोगों के माँग अनुसार कुम्ही से भोथली व्हाया मरकाटोला, लंबाई 8.50 किमी. सड़क, कोपरो से ग्वालगुंडी सड़क में दो वृहद पुल आर डी 4000 मी पर 60 मी एवं आर डी 4500 मी पर 100 मी तथा बैगा साल्हेवारा से मुरुम सड़क की आर डी 3800 मी पर 80 मी वृहद पुल की घोषणा की।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्मन ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हेमलता मंडावी व ललित चोपड़ा, खम्हन ताम्रकार, निजाम मंडावी, बैगा समाज प्रमुख जीवन, अमर सिंह, सरोधी सरपंच गौतम यादव, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत कुमार बंसल, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, डीएफओ पंकज सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


