कृषक उन्नति योजना: किसानों को मिलेगी प्रति एकड़ ₹13,839, प्रेसवार्ता कर बताये आंकड़े
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़ // जिला भाजपा कार्यालय में शनिवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल ने प्रेसवार्ता आयोजित कर प्रदेश सरकार की कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ कृषि क्षेत्र में विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। Krishak Unnati Yojana
बघेल ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता दी जाएगी। इस बार सहायता राशि धान की बिक्री की मात्रा के बजाय पंजीकृत रकबे के आधार पर निर्धारित की गई है। इससे कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल सकेगा।
चार जिलों के 2.72 लाख किसानों को 1,676 करोड़ का ऋण
बैंक अध्यक्ष ने बताया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के कार्यक्षेत्र में राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और कबीरधाम जिले शामिल हैं। खरीफ वर्ष 2026 में अब तक 2 लाख 72 हजार 846 किसानों को 1,676.29 करोड़ रुपए का ऋण वितरित किया गया है। वहीं वर्ष 2026-27 में 3 लाख 84 हजार 777 पंजीकृत किसानों से 2 करोड़ 8 लाख 82 हजार 110 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका अनुमानित समर्थन मूल्य 5,097 करोड़ रुपए है। Krishak Unnati Yojana
उन्होंने बताया कि बैंक के कार्यक्षेत्र में 136 नई प्राथमिक कृषि साख समितियों का गठन किया गया है। वर्तमान में 358 समितियों के 382 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था संचालित है।
गन्ना किसानों को 425 रुपए से अधिक तक भुगतान
गन्ना उत्पादकों के संबंध में जानकारी देते हुए बघेल ने बताया कि राज्य शासन ने गन्ने का उपार्जन मूल्य 355 रुपए से बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। केंद्र सरकार के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) और राज्य सरकार द्वारा घोषित दर के अंतर की राशि गन्ना प्रोत्साहन के रूप में दी जाती है।
Krishak Unnati Yojana
शक्कर की रिकवरी के आधार पर कवर्धा शक्कर कारखाने से जुड़े किसानों को 488.67 रुपए, पंडरिया के किसानों को 455.10 रुपए, बालोद के किसानों को 432.62 रुपए तथा सूरजपुर के किसानों को 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है।

दलहन-तिलहन और श्रीअन्न की खरीदी को प्रोत्साहन
बघेल ने बताया कि प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के तहत दलहन एवं तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 29 जिलों के 273 केंद्रों से 3 लाख 72 हजार 39 क्विंटल दलहन-तिलहन की खरीदी की गई, जिसके एवज में किसानों को 219.08 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। इसमें अकेले चना की 3 लाख 54 हजार 127 क्विंटल खरीदी पर 207.59 करोड़ रुपए का भुगतान शामिल है। PADDY
उन्होंने बताया कि धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपए तथा अन्य अधिसूचित फसलें लेने पर 10 हजार रुपए की आदान सहायता देने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य किसानों को पारंपरिक धान की खेती के साथ अन्य फसलों की ओर भी प्रोत्साहित करना है। Krishak Unnati Yojana
कृषक उन्नति योजना से किसानों को 35,904 करोड़ का भुगतान
प्रेसवार्ता में बैंक अध्यक्ष ने बताया कि खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत कुल 35,904.90 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इसमें खरीफ 2023 में 13,289 करोड़, खरीफ 2024 में 11,976 करोड़ और खरीफ 2025 में 10,639 करोड़ रुपए शामिल हैं।उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने और फसल विविधीकरण के माध्यम से खेती को लाभकारी बनाना है। PADDY
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. बिसेसर दास साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष घम्मन साहू, टीके चंदेल जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

