महात्मा गांधी के रोल में दिखेंगे मनोज, फ़िल्म को निर्देशित करेंगे सुधीर मिश्रा
मनोरंजन खबर डेस्क खबर 24×7 मुंबई // मनोज बाजपेयी अपने करियर में पहली बार महात्मा गांधी का किरदार निभाते नजर आ सकते हैं। हालांकि, इस प्रोजेक्ट की घोषणा अभी बाकी है।
मनोज इससे पहले गैंगस्टर, समलैंगिक, पुलिस अधिकारी जैसे कई जटिल और चुनौतीपूर्ण किरदार निभा चुके हैं, लेकिन अब वह एक ऐसे रोल की तैयारी में हैं जो उनके अभिनय सफर का सबसे अलग और कठिन पड़ाव साबित हो सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्देशक सुधीर मिश्रा अपनी अगली फिल्म में मनोज को गांधी की भूमिका में कास्ट करने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि एक्टर ने इस किरदार के लिए रिसर्च और तैयारी शुरू कर दी है।
फिल्म की शूटिंग सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है, जिसके लिए गुजरात और बिहार की वास्तविक लोकेशंस पर विचार किया जा रहा है। गांधी जैसे ऐतिहासिक और संवेदनशील व्यक्तित्व को परदे पर जीवंत करना किसी भी एक्टर के लिए बड़ी जिम्मेदारी है।
इस बीच, मनोज अपनी एक अन्य फिल्म ‘घूसखोर…’ को लेकर विवादों में हैं। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली इस फिल्म के टाइटल को लेकर कथित जातिवाद के आरोप लगे हैं। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है, जहां अदालत ने टाइटल बदलने का निर्देश दिया है।


