छत्तीसगढ़ में बस किराया बढ़ा, यात्रियों की जेब पर बढ़ेगा बोझ
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच लंबे समय से हो रही थी किराया बढ़ाने की मांग, नई दरों से सफर हुआ महंगा
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 रायपुर // छत्तीसगढ़ में बस से सफर करने वाले यात्रियों को अब पहले से ज्यादा किराया चुकाना पड़ेगा। परिवहन विभाग की नई अधिसूचना के अनुसार, प्रदेश में साधारण बसों का किराया 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 1.75 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। इस तरह प्रति किलोमीटर 50 पैसे की बढ़ोतरी की गई है, जो करीब 40 प्रतिशत है। किराए में इस वृद्धि का असर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ ही रोजाना नौकरी, पढ़ाई और कारोबार के लिए बसों से आवागमन करने वाले लोगों पर भी पड़ेगा।
अलग-अलग बसों के लिए नई किराया दरें निर्धारित
नई अधिसूचना के मुताबिक, साधारण बसों में शुरुआती पांच किलोमीटर के लिए 10 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। इसके बाद प्रति किलोमीटर 1.75 रुपये की दर से किराया देना होगा। डीलक्स बसों में शुरुआती पांच किलोमीटर का किराया 12 रुपये और इसके बाद 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है।
वहीं, डीलक्स एसी स्लीपर और सेमी-स्लीपर बसों में सफर करने के लिए 3.20 रुपये प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित की गई है। वोल्वो और सुपर लग्जरी एसी बसों का किराया 3.30 रुपये प्रति किलोमीटर होगा। इसके अलावा रात में संचालित होने वाली साधारण बस सेवाओं में यात्रियों को निर्धारित किराए से 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
रायपुर, दुर्ग और कवर्धा का सफर भी पड़ेगा महंगा
किराए में बढ़ोतरी का असर विभिन्न शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी दिखाई देने लगा है। उपलब्ध किराया आंकड़ों के अनुसार, बेमेतरा से रायपुर का किराया पहले लगभग 70 रुपये था, जो अब करीब 125 रुपये बताया जा रहा है। इसी तरह बेमेतरा से दुर्ग जाने के लिए पहले करीब 80 रुपये देने पड़ते थे, जबकि अब किराया बढ़कर लगभग 120 से 125 रुपये हो गया है।
बेमेतरा से कवर्धा का किराया करीब 70 रुपये से बढ़कर 80 से 85 रुपये और भाटापारा का किराया लगभग 60 रुपये से बढ़कर 80 रुपये तक पहुंच गया है। बेमेतरा से बिलासपुर के बीच यात्रा का किराया भी नई दरों के आधार पर निर्धारित होगा।
यह भी पढ़ें : साल्हेवारा की बंजारी घाटी में सड़क किनारे दिखा तेंदुआ, यात्रियों में दहशत
रोजाना सफर करने वालों का बढ़ेगा मासिक खर्च
बस किराए में बढ़ोतरी से सबसे ज्यादा असर उन यात्रियों पर पड़ने की आशंका है, जो रोजाना कामकाज, पढ़ाई और व्यापार के सिलसिले में एक शहर से दूसरे शहर जाते हैं। किराया बढ़ने से उनकी यात्रा पर होने वाला मासिक खर्च भी बढ़ेगा। वहीं, लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी अब अपनी जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी।![]()
लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों के बीच बस किराया बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब नई दरें लागू होने के बाद जहां बस संचालकों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं यात्रियों के लिए सार्वजनिक परिवहन से सफर करना पहले की तुलना में महंगा हो गया है।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

