मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर, 11 दिसंबर तक प्रस्तुत कर सकते हैं दावे एवं आपत्तियां
| 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा फॉर्म-6 भरकर कराएं पंजीयन
ECINET ऐप और मतदाता सेवा पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा, बीएलओ के पास भी जमा कर सकते हैं फॉर्म |
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़ // भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संदर्भ में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके अंतर्गत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया है। नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने तथा नाम विलोपन के संबंध में 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की ओर से 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र भारतीय नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की अपील की गई है। नए मतदाता पंजीयन के लिए ECINET मोबाइल ऐप अथवा मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। नागरिक अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी के पास भी फॉर्म-6 भरकर ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।![]()
नए मतदाता पंजीयन के लिए फॉर्म-6 तथा प्रवासी भारतीय नागरिकों के नए मतदाता पंजीयन के लिए फॉर्म-6क निर्धारित है। मतदाता सूची से नाम विलोपित कराने के लिए फॉर्म-7 और प्रविष्टियों में संशोधन, स्थानांतरण अथवा नया मतदाता पहचान पत्र (EPIC) प्राप्त करने के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा। निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। ECINET ऐप में ‘Book a Call with BLO’ सुविधा के माध्यम से भी बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

