स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में बड़ी उपलब्धि, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पेंडरवानी को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाण-पत्र
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़ // जिले के पेंडरवानी क्षेत्र के लिए गौरव एवं खुशी का विषय है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पेंडरवानी को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक ( नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड-एन क्यूएएस ) का प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण तथा मरीज-केंद्रित सेवाओं के क्षेत्र में किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इससे क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होंगी तथा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रति उनका विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में सेवा गुणवत्ता, मरीज सुरक्षा, स्वच्छता प्रबंधन एवं संस्थागत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 13 एवं 14 मई 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पेंडरवानी का राष्ट्रीय स्तर पर विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
मूल्यांकन के दौरान सेवा प्रदाय, मरीजों के अधिकार, मानव संसाधन एवं अवसंरचना प्रबंधन, मरीजों की देखभाल, क्लिनिकल सेवाओं की गुणवत्ता, संक्रमण नियंत्रण, जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन, औषधि एवं लॉजिस्टिक प्रबंधन, अभिलेख एवं दस्तावेजीकरण, सहयोगी सेवाएँ, प्रभावी रेफरल प्रणाली, गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली तथा सतत गुणवत्ता सुधार गतिविधियों का गहन परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य केंद्र ने निर्धारित सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया। ![]()
जिले के अंतिम छोर पर स्थित होने के बावजूद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पेंडरवानी में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने, रात्रिकालीन आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा मरीज-केंद्रित सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य किया गया। इन सतत प्रयासों का परिणाम है कि स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने में सफल रहा। इससे क्षेत्र के नागरिकों को अब और अधिक बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
एक सम्मान नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएँ निरंतर प्रदान करने की जिम्मेदारी भी: CMHO डॉ. आशीष शर्मामुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य केंद्र की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि एनक्यूएएस प्रमाणन केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएँ निरंतर प्रदान करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में गुणवत्ता सुधार की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पेंडरवानी को इससे पूर्व स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत दो बार “कायाकल्प पुरस्कार” भी प्राप्त हो चुका है। अब एनक्यूएएस प्रमाणन प्राप्त होने से यह स्वास्थ्य केंद्र जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का एक उत्कृष्ट मॉडल बनकर उभरा है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की टीम भावना, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत, जीवन दीप समिति तथा स्थानीय समुदाय के सहयोग का परिणाम है और भविष्य में भी क्षेत्रवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए इसी प्रकार निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। |
संस्था प्रभारी मो. इरशाद खान (आर.एम.ए.) एवं श्रीमती शबाना खान ने बताया कि यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय सीएमएचओ डॉ. आशीष शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती सोनल ध्रुव, डॉ. कविता चंद्राकर (डिवीजनल क्वालिटी कंसल्टेंट, दुर्ग), डॉ. अक्षय तिवारी (यूनिसेफ), डॉ. प्रीतम राय, डॉ. मनीष बघेल (बीएमओ), ब्रिजेश ताम्रकार (बीपीएम), विनयराम टेके, विनोद पटेल, विवेक मेश्राम, प्रकाश, डॉ. श्वेता ताम्रकार, स्वास्थ्य केंद्र के समस्त चिकित्सकों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ, आरएचओ, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियनों, मितानिनों, ग्राम पंचायत, जीवन दीप समिति (JDS) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा सभी सहयोगियों को दिया।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

