राष्ट्रीय खबर डेस्क खबर 24×7 उदयपुर // केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से ठीक पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 25 जुलाई से प्रदेश में महिलाओं के लिए निशुल्क स्मार्ट फोन योजना शुरू करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री गहलोत सोमवार को 14 दिन बाद फिर उदयपुर पहुंचे। दो माह में इस क्षेत्र में यह उनका पांचवें दौरा है। मुख्यमंत्री ने उदयपुर में बलीचा स्थित कृषि मंडी में संभाग स्तरीय किसान महोत्सव का उद्घाटन किया और कृषि मंडी की सौगात दी। वहीं सलूम्बर के जिला बनाने को लेकर आयोजित धन्यवाद सभा में घोषणाओं की झड़ी लगा दी। सीएम ने कहा कि पहले चरण में 40 लाख महिलाओं के लिए निशुल्क स्मार्ट फोन की योजना शुरू की जा रही है। मोबाइल के साथ तीन साल तक फ्री इंटरनेट सुविधा दी जाएगी। बाद मेंअन्य परिवारों को भी योजना से जोड़ा जाएगा।

खाते में आएंगे पैसे
मोबाइल के लिए सीधे महिलाओं के खाते में पैसे जमा कराए जाएंगे, ताकि वे पसंद के मोबाइल खरीद सकें। इस योजना का लाभ देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कैम्प लगाए जाएंगे।
सलूम्बर को ये दिया | उदयपुर को ये दिया |
महाराणा प्रताप सराड़ा-चावंड नगर पालिका। सेमाल और खरका गांव में पीएचसी। सलूंबर में कन्या महाविद्यालय। रूठी रानी महल और हवा महल जयसमंद के जीर्णोद्धार के लिए 5 करोड़ रुपए। सलूम्बर में बनेगी स्वतंत्र मंडी। |
उदयपुर के बलीचा में 100 बीघा जमीन पर 50 करोड़ की लागत से नई फल- सब्जी मंडी बनाई जाएगी। कोटडा में सीताफल, झाड़ोल-फलासिया में वन उपज और औषधीय पादपों और लसाड़िया में आम के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोले जाएंगे। गौण मंडी बलीचा बनेगी स्वतंत्र मंडी। |
प्रधानमंत्री पर साधा निशाना..
मुख्यमंत्री गहलोत ने बलीचा में सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जो कहते हैं वह पूरा नहीं करते। उनकी कथनी और करनी में अंतर है। गहलोत ने कहा कि किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर कानून बनाने के लिए उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया, जबकि उनके शासनकाल के नौ वर्ष पूरे हो गए हैं। वह जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब वही इस कानून के लिए मनमोहन सिंह सरकार पर दबाव बना रहे थे, अब जब वह स्वयं प्रधानमंत्री हैं, तो किसानों के हित के लिए ये कानून क्यों नहीं बना रहे।
