सबसे अधिक बारिश, फिर भी सूखी रही डोटू नदी; गहराया जलस्रोतों का संकट
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 थान खम्हरिया // बेमेतरा जिले की थान खम्हरिया तहसील में इस मानसून के दौरान सबसे अधिक 270.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसके बावजूद नगर पंचायत क्षेत्र की आधी आबादी की जीवनरेखा मानी जाने वाली डोटू नदी (नाला) अब तक सूखी पड़ी है। नदी में पानी की धार तक नहीं बहने से लोगों को निस्तारी और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कृषि विभाग के अनुसार 1 जून से अब तक थान खम्हरिया तहसील में जिले में सर्वाधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। 12 से 17 जुलाई के बीच हुई लगातार झमाझम बारिश से खेत लबालब हो गए और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी। इसके बावजूद नगर से होकर गुजरने वाली डोटू नदी में पानी नहीं पहुंचा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 20 वर्षों में पहली बार ऐसा देखने को मिला है कि इतनी अच्छी बारिश के बाद भी डोटू नदी में पानी की धार नहीं चली। पहले एक-दो अच्छी बारिश के बाद ही नदी में पर्याप्त पानी आ जाता था।
जानकारों का अनुमान है कि डोटू नदी के ऊपरी कैचमेंट क्षेत्र, जो कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड में स्थित है, वहां अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के कारण नदी में पर्याप्त जल प्रवाह नहीं बन पाया। यही वजह है कि स्थानीय स्तर पर अच्छी बारिश होने के बावजूद नदी सूखी रही। ![]()
रिकॉर्ड वर्षा के बावजूद जल संरचनाओं और प्राकृतिक जलस्रोतों में पानी का पर्याप्त संचय नहीं होना चिंता का विषय बन गया है। इससे क्षेत्र में जल संरक्षण, कैचमेंट क्षेत्र के प्रबंधन और भूजल पुनर्भरण की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

