41वां नेत्र दान पखवाड़ा का शुभारंभ, पीेएमश्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़ में विधार्थीयों का हुआ नेत्र परीक्षण
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़। सीएमएचओ डॉ. आशीष शर्मा के निर्देशानुसार 41वें नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़ में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य अंजय कुमार एवं जिला नोडल अधिकारी अंधत्व की उपस्थिति में मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर हुई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उपस्थित विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण किया गया। विद्यार्थियों ने पोस्टर और नेत्र आकृति के माध्यम से आम नागरिकों को मरणोपरांत नेत्रदान के लिए जागरूक किया। विद्यार्थियों की इस पहल से प्रेरित होकर विद्यालय के शिक्षकों ने भी नेत्रदान का संकल्प लिया।

डॉ. साधना दुबे ने नेत्रदान के महत्व पर जानकारी देते हुए बताया कि नेत्रदान क्यों जरूरी है, कब और कैसे किया जा सकता है तथा इसके लिए कहां से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जिला सहायक नोडल अधिकारी श्रीमती दुर्गेश नंदिनी श्रीवास्तव ने बताया कि नेत्र परीक्षण के दौरान दृष्टिदोष चिन्हित होने वाले विद्यार्थियों को जिला दृष्टिहीनता नियंत्रण समिति द्वारा जांच के बाद निर्धारित नंबर के चश्मे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों सहित आम लोगों से मरणोपरांत नेत्रदान करने की अपील की।

नेत्र परीक्षण दल में नेत्र सहायक अधिकारी श्रीमती पूर्णिमा चंदेल और जीएल देवांगन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक योगेंद्र पांडेय, जसवंत सिंह, सुनील प्रजापति और श्रीमती रोहिणी का सक्रिय सहयोग रहा।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

