Thu. Nov 19th, 2026

उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी से शिकायतों के समाधान का रास्ता होगा आसान

Knowledge of consumer rights will make the process of resolving complaints easier.
खबर शेयर करें..

उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी से शिकायतों के समाधान का रास्ता होगा आसान

छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 डोंगरगढ़ // छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, निर्धारित सेवा मानकों एवं शिकायत निवारण प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से डोंगरगढ़ नगर में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष ए.के. गौराहा ने उपभोक्ताओं को बिजली से संबंधित समस्याओं के निराकरण की चरणबद्ध प्रक्रिया, शिकायत दर्ज कराने के विभिन्न माध्यमों तथा फोरम की भूमिका के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

कार्यशाला में उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के सदस्य एन.के. साहू, कार्यपालन अभियंता डोंगरगढ़ संभाग एस. पी. जैकब एवं सहायक अभियंता लाखन सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर घरेलू एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं को विद्युत सेवाओं के निर्धारित मानकों, उपभोक्ता अधिकारों और समयबद्ध शिकायत निवारण व्यवस्था से अवगत कराया गया।Knowledge of consumer rights will make the process of resolving complaints easier.

उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष ए.के. गौराहा ने कहा कि बिजली बिल, मीटर में गड़बड़ी, विद्युत आपूर्ति, कम वोल्टेज, नवीन विद्युत कनेक्शन तथा अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित समस्याओं के लिए उपभोक्ताओं को सर्वप्रथम संबंधित विद्युत कार्यालय अथवा उपलब्ध शिकायत निवारण माध्यमों से शिकायत दर्ज करानी चाहिए। यदि निर्धारित स्तर पर शिकायत का संतोषजनक निराकरण नहीं होता है, तो उपभोक्ता नियमानुसार विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के समक्ष अपनी शिकायत प्रस्तुत कर सकते हैं।

सोशल मिडिया से जुड़ने क्लिक करें..
telegram_logo_icon_168691 whatsapp-seeklogo[1] insta-png_5957085 facebook khabar 24x7 clipart1979393

उन्होंने शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं फोरम के अधिकार क्षेत्र की जानकारी देते हुए बताया कि इस व्यवस्था का प्रमुख उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनकी विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सरल, सुलभ, पारदर्शी एवं समयबद्ध व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें तथा शिकायतों के निराकरण के लिए निर्धारित व्यवस्था का उपयोग करें।

कार्यशाला में उपभोक्ताओं को बताया गया कि विद्युत संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912, मोर बिजली मोबाइल ऐप, ऑनलाइन पोर्टल तथा संबंधित विद्युत कार्यालयों के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। उपभोक्ता इन माध्यमों से अपनी शिकायत दर्ज कराकर उसकी स्थिति एवं निराकरण की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि शिकायत निवारण व्यवस्था के विभिन्न स्तरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना और विद्युत सेवाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देना है।

कार्यशाला के दौरान उपस्थित विद्युत उपभोक्ताओं ने बिजली बिल, मीटर, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य सेवाओं से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं एवं समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए शिकायत दर्ज कराने के उचित माध्यमों एवं निराकरण की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जागरूक उपभोक्ता ही अपने अधिकारों का प्रभावी उपयोग कर सकते हैं। विद्युत उपभोक्ताओं को न केवल अपने अधिकारों की जानकारी रखनी चाहिए, बल्कि शिकायतों के निराकरण के लिए निर्धारित प्रक्रिया एवं उपलब्ध माध्यमों का भी उपयोग करना चाहिए।

कार्यशाला के माध्यम से उपभोक्ताओं को संदेश दिया गया कि अपने विद्युत अधिकारों को जानें, निर्धारित माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं और समयबद्ध समाधान प्राप्त करने के लिए शिकायत निवारण व्यवस्था का लाभ उठाएं। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्युत विभाग एवं उपभोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ उपभोक्ता हितों की रक्षा और विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


खबर शेयर करें..

Related Post

Leave a Reply

error: आपका बहुत-बहुत धन्यवाद !!