जनजातीय समाज के प्रमुखों एवं शहीद परिवारों का किया गया सम्मान
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 मोहला । जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय मोहला स्थित मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी एवं जनजातीय समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं जनसमुदाय द्वारा राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राजकीय गीत का सामूहिक गायन किया गया।![]()
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा जनजातीय समाज के अधिकारों एवं सम्मान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान और विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमारे लिए अपनी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और महापुरुषों के योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने समाज को एकता, स्वाभिमान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया है। जनजातीय समाज ने अपनी विशिष्ट संस्कृति, लोककला और परंपराओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पहचान को समृद्ध किया है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से शिक्षा, जागरूकता और आपसी एकजुटता के साथ आगे बढ़ने तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य, लोकगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय ने सराहा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की विशिष्ट कला, संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मंडावी, जिला पंचायत सदस्य नरसिंह भंडारी, जिला पंचायत सदस्य लखन कलामे, जिला पंचायत सदस्य रेखा कोठारी, सरपंच मोहला गजेंद्र पुरामे, कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, डीएफओ अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ उज्जवल पोरवाल, जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा, मदन साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधी, जनजातीय समाज के प्रमुख, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थित रहे।
– उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री यादव सहित अन्य अतिथियों द्वारा जनजातीय समाज के विभिन्न प्रमुखों एवं समाज के उत्थान और विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। साथ ही जनजातीय समाज के शहीद परिवारों को साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। इस दौरान शहीदों के योगदान एवं उनके परिवारों के त्याग और समर्पण को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। मौके पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
– स्टॉल किया किया निरीक्षण, पात्र हितग्राही हुए लाभान्वित
कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों एवं प्रदर्शनी का स्कूल शिक्षा मंत्री यादव ने अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जनजातीय समाज के लिए संचालित कार्यक्रमों तथा पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। मौके पर उन्होंने पात्र हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित भी किया।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

