खैरागढ़ जिले के इस राइस मिल ने जमा किया केवल 32 प्रतिशत चावल, जांच के बाद नोटिस जारी करने की तैयारी
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़ // खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 में कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने की धीमी प्रगति पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने संबंधित राइस मिलों की जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जिला विपणन अधिकारी और खाद्य विभाग की टीम ने उदयपुर स्थित माँ अंजनी राइस मिल की जांच की।
मिल ने निर्धारित मात्रा का केवल 32 प्रतिशत चावल जमा किया है। जांच के दौरान टीम ने मिल परिसर में उपलब्ध धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर पंचनामा तैयार किया। अब मिल संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। जांच के तथ्यों और संचालक के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
इतना चाँवल जमा करना है शेषखाद्य विभाग के अनुसार, खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले की 13 राइस मिलों को कुल 42,893.64 मीट्रिक टन चावल जमा करना था। इसके विरुद्ध अब तक 36,416.67 मीट्रिक टन चावल जमा हुआ है, जो निर्धारित मात्रा का लगभग 85 प्रतिशत है। करीब 6,477 मीट्रिक टन चावल जमा करना शेष है। |
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, माँ महामाया राइस मिल ने निर्धारित मात्रा का 41 प्रतिशत, अमित राइस प्रोसेस ने 77 प्रतिशत, सुमन एग्रो इंडस्ट्रीज ने 79 प्रतिशत और बीबीसी राइस इंडस्ट्रीज ने 80 प्रतिशत चावल जमा किया है।
खाद्य विभाग निर्धारित मात्रा से कम चावल जमा करने वाली अन्य मिलों की भी लगातार जांच करेगा। इस दौरान धान और चावल के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। साथ ही, मिलिंग की प्रगति और उठाए गए शासकीय धान के अनुपात में जमा चावल की मात्रा की जांच की जाएगी। अनियमितता मिलने या निर्धारित दायित्वों का पालन नहीं करने पर संबंधित मिलरों के विरुद्ध शासन के प्रचलित नियमों और कस्टम मिलिंग अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

