नशे की गर्त में धर्मनगरी, मामूली विवाद ने लिया रौद्र रूप, दो पक्षों में चाकूबाजी
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 डोंगरगढ़// धर्मनगरी डोंगरगढ़ में बढ़ती नशाखोरी के बीच एक और हिंसक घटना सामने आई है। बीती रात बुधवारी पारा स्थित पुराने सरकारी अस्पताल परिसर में मामूली विवाद ने अचानक रौद्र रूप ले लिया और दो पक्षों के बीच चाकूबाजी हो गई। आरोपियों ने दो सगे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया है। जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे बुधवारी पारा स्थित पुराने सरकारी अस्पताल परिसर में हुई। यहां दो अलग-अलग जगहों पर कुछ युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान खाने की किसी वस्तु को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। नशे में धुत युवकों के बीच पहले गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।

पुलिस के मुताबिक आशीष मंडावी, अनिल थापा, दिनेश और गज्जू पहले से अस्पताल परिसर में बैठकर शराब पी रहे थे। वहीं थोड़ी दूरी पर ललित मानिकपुरी और उसका भाई सोनू मानिकपुरी भी मौजूद थे। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक आरोपी ने धारदार हथियार निकालकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। हमले में ललित और सोनू घायल हो गए।
घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल दोनों भाई खुद थाने पहुंचे। जहां से पुलिस ने उन्हें तत्काल डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद ललित मानिकपुरी की हालत गंभीर होने पर उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। ![]()
दो आरोपी हिरासत में, दो की तलाश जारी
ललित और सोनू दोनों सरकारी विभाग में ड्राइवर के रूप में कार्यरत हैं। इधर, मगन दास मानिकपुरी की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 296, 3(5) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने अजय मंडावी और अनिल थापा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। थाना प्रभारी संतोष जायसवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।


