1500 किलो से अधिक संदिग्ध पनीर की खेप नष्ट, पुलिस की मौजूदगी में खाद्य विभाग ने की कार्रवाई
PANEER DESTROYED
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़ // जिले में पकड़ी गई 1500 किलो से अधिक संदिग्ध पनीर की खेप को आखिरकार नष्ट कर दिया गया है। खाद्य विभाग ने कृषि उपज मंडी में विधिवत पंचनामा तैयार कर पुलिस की मौजूदगी में पनीर को नष्ट कराया।
भोपाल से रायपुर ले जाई जा रही इस खेप को साल्हेवारा चेकपोस्ट पर पुलिस ने जांच के दौरान पकड़ा था। पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने के बाद खाद्य विभाग ने आगे की कार्रवाई करते हुए इसे नष्ट करने का निर्णय लिया।
दरअसल, गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा थाना के सामने चेकपोस्ट पर पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान भोपाल से रायपुर जा रही महिंद्रा पिकअप क्रमांक MP 04 WC 8384 को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में 50-50 किलो के 30 कार्टून में भरा करीब 1500 किलो पनीर मिला। पूछताछ में चालक शिशुपाल ने बताया था कि पनीर रायपुर के भाठागांव स्थित एक दुकान में पहुंचाया जाना था।
![]()
मामले की सूचना मिलने पर खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे के मुताबिक, पनीर प्रथम दृष्टया एनालॉग यानी कृत्रिम पनीर प्रतीत हो रहा था। इसके बाद विभाग ने नमूने लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की और अब जब्त पनीर को कृषि उपज मंडी में पंचनामा तैयार कर पुलिस की मौजूदगी में विधिवत नष्ट कर दिया गया। PANEER DESTROY
फिलहाल खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से बाजार में संदिग्ध खाद्य पदार्थों की आपूर्ति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती बरतने की जरूरत भी सामने आई है।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

