पीएम किसान सम्मान निधि: 24.71 लाख से अधिक किसानों के खाते में आज आएंगे 498.83 करोड़
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 रायपुर // प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च को असम के गुवाहाटी से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22 वीं किस्त जारी करेंगे। इससे देश के करीब 9.32 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार 650 करोड़ रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर होंगे। इसमें राज्य के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खाते में 498.83 करोड़ रुपए की राशि भेजी जाएगी।
इस योजना के तहत छत्तीसगढ राज्य के 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी और 37 हजार 400 विशेष पिछड़ी जनजाति किसानों को भी लाभान्वित किया जा रहा है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लाखों किसान सहित जनप्रतिनिधिगण स्वामी विवेकानंद कृषि महाविद्यालय जोरा रायपुर से जुड़ेंगे।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया, पीएम किसान उत्सव के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कराया जाएगा, ताकि किसान सीधे इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।
बता दें कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री द्वारा की गई थी, जिसके अंतर्गत पहली किस्त फरवरी 2019 में किसानों के खातों में जारी की गई थी।


