छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) पुलिस ने साइबर अपराध और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में म्यूल बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है। आरोपियों के कब्जे से 19 एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, 14 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया गया है।
थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 254/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(4), 318(4), 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
समन्वय पोर्टल से मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल एवं एनसीआरबी से प्राप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, शाखा छुईखदान के खाताधारक दीपक निर्मलकर के खाते में लगभग 1 करोड़ 69 लाख 32 हजार 368 रुपये का संदिग्ध लेन-देन सामने आया, जो देश के विभिन्न राज्यों से ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी और साइबर ठगी से जुड़ा पाया गया।
किराये पर दिए जाते थे बैंक खातेपूछताछ में आरोपी दीपक निर्मलकर ने बताया कि उसने अपना बैंक खाता राहुल जंघेल को 12 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया था। राहुल जंघेल ने खुलासा किया कि इन खातों का उपयोग महाराष्ट्र के मुंबई महानगर क्षेत्र स्थित पलावा सिटी के एक किराये के फ्लैट से ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी और साइबर फ्रॉड के लिए किया जाता था। |
मास्टरमाइंड करता था पूरे नेटवर्क का संचालन
जांच में सामने आया कि पूरे नेटवर्क का संचालन राहुल देवांगन करता था, जो नेटवर्क से जुड़े लोगों को करीब 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देता था। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पिछले दो वर्षों से फेयर प्ले, रेड्डी अन्ना, जयराम और शिवा बुक जैसे ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न राज्यों में अवैध नेटवर्क चला रहा था। ![]()
मुंबई से संचालन बंद, छत्तीसगढ़ से जारी था नेटवर्क
आरोपियों ने बताया कि लगातार आर्थिक नुकसान होने के करीब चार माह पहले मुंबई से संचालन बंद कर दिया गया था। इसके बाद सभी आरोपी अपने गृह जिलों में लौट आए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विजय कुमार साहू वर्तमान में कबीरधाम जिले के गगरिया खम्हरिया गांव से अकेले ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहा था।

10.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, 14 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 5.50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा बैंक खातों में उपलब्ध 5 लाख रुपये की राशि फ्रीज कराई गई है। कुल मिलाकर 10.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी..दीपक निर्मलकर (20), निवासी नवागांव (लोधी), थाना छुईखदान, जिला केसीजी। राहुल जंघेल (23), निवासी मैनहर, थाना छुईखदान, जिला केसीजी। राहुल देवांगन (25), निवासी धरसींवा, जिला रायपुर। विजय कुमार साहू (22), निवासी गगरिया खम्हरिया, थाना सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम। |
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में साइबर अपराध और ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच जारी है।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

