साल्हेवारा की बंजारी घाटी में सड़क किनारे दिखा तेंदुआ, यात्रियों में दहशत
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़// जिले के वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा की बंजारी घाटी में सड़क किनारे तेंदुआ दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। देर रात जंगल से गुजर रहे बस यात्रियों को सड़क किनारे तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। यात्रियों ने इस नजारे को अपने कैमरे में कैद कर लिया। तेंदुए का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम साल्हेवारा से पहले मां बंजारी मंदिर स्थित है। मंदिर के आसपास से लेकर आगे तक घना जंगल और घाटी का क्षेत्र है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 8:20 बजे खैरागढ़ से साल्हेवारा होते हुए बकरकट्टा की ओर जा रही एक यात्री बस जंगल की घाटी से गुजर रही थी। इसी दौरान बस यात्रियों की नजर सड़क किनारे डिवाइडर के पास बैठे एक जंगली जानवर पर पड़ी।
बस परिचालक के अनुसार, बस नर्मदा और मोहगांव की ओर से होते हुए जंगल की घाटी में आगे बढ़ रही थी। तभी सड़क किनारे डिवाइडर के पास कुछ बैठा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद बस रोककर देखा गया तो वहां तेंदुआ नजर आया। अचानक तेंदुए को सड़क किनारे देखकर बस में सवार यात्रियों के बीच हलचल मच गई। इस दौरान यात्रियों ने तेंदुए का वीडियो भी बना लिया।
वनांचल क्षेत्र होने के कारण बंजारी घाटी और आसपास के जंगलों में वन्यजीवों की मौजूदगी की संभावना बनी रहती है। हालांकि, सड़क किनारे तेंदुए के दिखाई देने की घटना के बाद राहगीरों और वाहन चालकों में सतर्कता बढ़ गई है। रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
वन विभाग की निगरानी जरूरी
बंजारी घाटी में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग द्वारा क्षेत्र की निगरानी और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की जरूरत है, ताकि राहगीरों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल तेंदुए की मौजूदगी और उसके मूवमेंट को लेकर वन विभाग की आधिकारिक पुष्टि सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।![]()



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

