Mon. Nov 16th, 2026

छुईखदान में 16 नवंबर से शुरू होगा नेत्र सुरक्षा अभियान, गांव-गांव पहुंचकर होगी आंखों की जांच

छुईखदान में 16 नवंबर से शुरू होगा नेत्र सुरक्षा अभियान, गांव-गांव पहुंचकर होगी आंखों की जांच
खबर शेयर करें..

छुईखदान में 16 नवंबर से शुरू होगा नेत्र सुरक्षा अभियान, गांव-गांव पहुंचकर होगी आंखों की जांच

50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और स्कूली बच्चों पर रहेगा विशेष फोकस, निःशुल्क दवाइयों के साथ चश्मे भी किए जाएंगे वितरित

छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 छुईखदान। आंखों की बीमारियों की समय पर पहचान और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छुईखदान ब्लॉक में 16 नवंबर से विशेष नेत्र सुरक्षा अभियान शुरू होने जा रहा है। 21 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की नेत्र चिकित्सा टीम गांव-गांव पहुंचकर लोगों की आंखों की जांच करेगी। इस दौरान नेत्र रोगों की पहचान कर मरीजों को आवश्यक उपचार, दवाइयां और उचित परामर्श दिया जाएगा।

 

राज्य शासन के निर्देशानुसार छुईखदान ब्लॉक का चयन इस अभियान के लिए किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दृष्टिहीनता एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल शुक्ला के निर्देश पर अभियान संचालित किया जाएगा। वहीं बीएमओ डॉ. मनीष बघेल एवं जिला सहायक नोडल अधिकारी अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम श्रीमती दुर्गेशनंदिनी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीमें मैदानी स्तर पर सेवाएं देंगी। छुईखदान में 16 नवंबर से शुरू होगा नेत्र सुरक्षा अभियान, गांव-गांव पहुंचकर होगी आंखों की जांच

सोशल मिडिया से जुड़ने क्लिक करें..
telegram_logo_icon_168691 whatsapp-seeklogo[1] insta-png_5957085 facebook khabar 24x7 clipart1979393

 

पीएम जनमन क्षेत्रों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम

अभियान के अंतर्गत संपूर्ण छुईखदान विकासखंड के साथ पीएम जनमन क्षेत्रों में भी विशेष रूप से नेत्र जांच की व्यवस्था की गई है। जिले के नेत्र चिकित्सक और नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ग्राम स्तर पर पहुंचेंगे। यहां लोगों की आंखों की जांच कर सामान्य नेत्र समस्याओं का उपचार किया जाएगा। वहीं गंभीर एवं जटिल नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर जांच और उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा, ताकि उन्हें समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल सके।

 

स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को मिलेगा विशेष लाभ

इस अभियान में 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, स्कूली छात्र-छात्राओं तथा आंखों से संबंधित समस्या से जूझ रहे लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जांच केंद्रों पर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। साथ ही स्कूली बच्चों एवं प्रेसबायोपिया (उम्र के साथ पास की नजर कमजोर होना) से प्रभावित मरीजों को पात्रतानुसार निःशुल्क चश्मे भी प्रदान किए जाएंगे।

 

अभियान की तैयारियां पूरी, मैदानी अमला सक्रिय

अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक सप्ताह पहले ही आवश्यक बैठक, रूट चार्ट निर्धारण, मैदानी स्तर पर प्रचार-प्रसार और अन्य व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी विनय रामटेके, बीपीएम बृजेश ताम्रकार, बीईटीओ आरपी गढ़वाल एवं केपी साहू के समन्वय से समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सक, सेक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, आरएचओ, एएनएम, मितानिन समन्वयक, मितानिन ट्रेनर, मितानिन एवं स्वयंसेवी अभियान की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

 

स्वास्थ्य विभाग ने छुईखदान अंचल के नागरिकों से अपील की है कि जिन लोगों को आंखों में किसी भी प्रकार की परेशानी है, वे इस अभियान का लाभ अवश्य उठाएं। विशेषकर 50 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक और स्कूली छात्र-छात्राएं अपने नजदीकी निर्धारित नेत्र परीक्षण केंद्र में पहुंचकर आंखों की जांच कराएं। समय पर जांच और उपचार से दृष्टि संबंधी कई गंभीर समस्याओं से बचाव संभव है।




खबर शेयर करें..

Related Post

Leave a Reply

error: आपका बहुत-बहुत धन्यवाद !!