खग्रास चंद्रग्रहण पर बम्लेश्वरी मंदिरों के पट रहेंगे बंद
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 डोंगरगढ़। धार्मिक नगरी डोंगरगढ़ में 3 मार्च 2026 को पड़ने वाले खग्रास चंद्रग्रहण के अवसर पर बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। ट्रस्ट प्रबंधन के अनुसार ग्रहण काल के दौरान ट्रस्ट द्वारा संचालित सभी मंदिरों के पट प्रातः 8:45 बजे से रात्रि 7:30 बजे तक पूर्णतः बंद रहेंगे।
ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ग्रहण अवधि के दौरान मंदिरों में दर्शन हेतु न आएं और धार्मिक परंपराओं का पालन करें। हिंदू धर्म मान्यताओं के अनुसार खग्रास चंद्रग्रहण के समय पूजा-अर्चना एवं मंदिरों के द्वार बंद रखने की परंपरा रही है। इसी के तहत यह निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि डोंगरगढ़ स्थित माँ बम्लेश्वरी मंदिर प्रदेश सहित देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ग्रहण समाप्ति के पश्चात मंदिरों में विधि-विधान के साथ शुद्धिकरण किया जाएगा, इसके बाद पुनः श्रद्धालुओं के लिए पट खोले जाएंगे।![]()
ट्रस्ट प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि ग्रहण से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए वे मंदिर ट्रस्ट कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।


