हादसा टला: आंगनबाड़ी का छज्जा भरभराकर गिरा, कुछ मिनट पहले पहुंचते बच्चे तो हो सकती थी बड़ी त्रासदी
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 जांजगीर-चांपा। जिले के जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम हाथी टिकरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। केंद्र का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय आंगनबाड़ी में केवल कार्यकर्ता और सहायिका मौजूद थीं, जबकि बच्चे अभी तक नहीं पहुंचे थे। यदि कुछ मिनट पहले बच्चे केंद्र पहुंच गए होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। Janjgir-Champa news
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक तेज धमाके के साथ छज्जा गिरने से आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर भीड़ जुट गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह महज संयोग था कि मासूम बच्चे इस हादसे की चपेट में आने से बच गए।
लंबे समय से जर्जर था भवन, कई बार की गई थी शिकायत
ग्रामीणों ने बताया कि हाथी टिकरा का आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। भवन की दीवारों में दरारें पड़ चुकी हैं, जबकि छत और छज्जा भी काफी समय से कमजोर हो चुके थे। कई बार संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देकर मरम्मत कराने की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। Janjgir-Champa news
यह भी पढ़ें : सेवा सेतु में 86 से बढ़कर 441 शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत कराई गई होती तो आज यह घटना नहीं होती। उनका कहना है कि पूरा भवन अब भी असुरक्षित है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ![]()
सुरक्षित भवन और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, उसे उपयोग के लिए प्रतिबंधित किया जाए तथा बच्चों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक भवन की व्यवस्था की जाए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की भी मांग उठाई गई है। Janjgir-Champa news
सबसे बड़ा सवाल
जिस आंगनबाड़ी में नौनिहालों के सुरक्षित भविष्य की नींव रखी जाती है, क्या वही भवन अब उनकी जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं? हाथी टिकरा की यह घटना प्रशासन के लिए गंभीर चेतावनी है। यदि समय रहते जर्जर आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत और सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो अगली बार ऐसा हादसा किसी बड़ी त्रासदी में बदल सकता है।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

