बैगा समुदाय ने सड़क, पानी, बिजली के लिए सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़ // जिले के ग्राम पंचायत गर्रा के बैगा आदिवासी बाहुल्य ग्राम कोहका-सोरी के बैगा समुदाय के लोगों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। समुदाय के महिला एवं पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।
ज्ञापन में कोहका सोरी में पक्की सड़क निर्माण, हैंडपंप खनन, बिजली लाइन विस्तार तथा वनपट्टा प्रदान करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। बैगा समुदाय के लोगों ने बताया कि लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
समुदाय के लोगों ने बताया कि ग्राम गर्रा में 70 से अधिक बैगा परिवारों की आवाजाही के लिए आज तक पक्की सड़क नहीं बन सकी है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं पेयजल
सुविधा न होने के कारण महिलाओं को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है। इसके अलावा ग्राम के 17 परिवारों को अब तक वन अधिकार पट्टा नहीं मिला है, जिससे आजीविका और जीवनयापन में कठिनाई हो रही है। साथ ही वार्ड क्रमांक 4 में पिछले दस वर्षों से बिजली लाइन नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अंधेरे और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।![]()
ज्ञापन सौंपने के बाद बैगा समुदाय के लोगों ने विधायक यशोदा वर्मा से भी मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। विधायक ने तत्काल कलेक्टर और डीएफओ से चर्चा कर समुदाय की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें जीवनयापन में राहत मिल सके। सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।


