Khairagarh: मानव मंदिर होटल में खराब मिठाई पर फूटा ग्राहक का गुस्सा, फूड सेफ्टी टीम ने मारा छापा, लिए सेम्पल : Watch Video
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़ // शहर के चर्चित होटल और मिठाई संस्थान मानव मंदिर एक गंभीर खाद्य सुरक्षा विवाद में घिर गया है। राज फैमली वार्ड निवासी प्रकृति सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्होंने होटल से आम और दूध से बनी करीब 150/- रुपए की मिठाई खरीदी थी, लेकिन घर पहुंचकर जैसे ही डिब्बा खोला तो उसमें से तेज गंदी बदबू आने लगी।
प्रकृति सिंह के मुताबिक मिठाई की हालत देखकर वे सन्न रह गईं। उन्होंने तत्काल मिठाई को बंद कर फ्रिज में रख दिया और अगले दिन शिकायत लेकर सीधे मानव मंदिर पहुंचीं। लेकिन वहां मामला शांत होने के बजाय और भड़क गया।

महिला का आरोप है कि होटल प्रबंधन ने खराब मिठाई की शिकायत सुनने के बजाय उल्टा उन्हें ही गलत ठहराना शुरू कर दिया और दुर्व्यवहार किया। इसके बाद होटल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
मामले की भनक लगते ही खैरागढ़ की फ़ूड सेफ्टी यूनिट मौके पर पहुंची। टीम ने शिकायतकर्ता द्वारा खरीदी गई मिठाई के साथ होटल में रखे संबंधित खाद्य पदार्थों के सैंपल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अब पूरे शहर की नजर लैब रिपोर्ट पर टिक गई है।
प्रकृति सिंह ने कहा कि वे अपने छोटे बच्चे को स्तनपान कराती हैं और यदि वे यह खराब मिठाई खा लेतीं तो इसका असर सिर्फ उन पर नहीं बल्कि उनके बच्चे पर भी पड़ सकता था। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर शहर के प्रतिष्ठित संस्थानों में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी कौन रख रहा है?
खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक दूध और आम से बनी मिठाइयों में तापमान और स्टोरेज की थोड़ी सी लापरवाही भी तेजी से बैक्टीरिया पैदा कर सकती है, जिससे फूड पॉइजनिंग, उल्टी-दस्त और गंभीर संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
त्योहारों और गर्मी के मौसम में ऐसे मामलों को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार सैंपलिंग अभियान चलाता रहा है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या मानव मंदिर में बेची जा रही मिठाइयों की गुणवत्ता तय मानकों के अनुरूप थी या फिर ग्राहकों की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ हो रहा था?
जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस पूरे मामले का असली सच सामने आएगा, लेकिन फिलहाल इस घटना ने शहर के नामी खाद्य प्रतिष्ठानों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं इस मामले पर फूड एंड सेफ्टी विभाग के सिद्धार्थ पांडे ने बताया की मानव मंदिर में पैस्ट्री से जुड़ी एक शिकायत मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए जांच के लिए ‘मैंगो ट्रेस लीचेस’ का सैंपल लिया है। इससे पहले भी मार्च में होली के समय वहां से 6 सैंपल लिए गए थे, जिनकी जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है, और संबंधित संस्थान को इम्प्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया था।


