विधायक आवास कॉलोनी के खिलाफ कांग्रेस विधायक का मोर्चा, सीएम को लिखा पत्र
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़। रायपुर जिले के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक आवास कॉलोनी के लिए किए गए ध्वस्तीकरण को लेकर खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रभावित गरीब परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि विधायक आवास कॉलोनी निर्माण की आड़ में लगभग 85 गरीब परिवारों के आशियानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि वर्षों की मेहनत और जमा-पूंजी से बने घरों को इस तरह उजाड़ना उचित नहीं है। ![]()
पत्र में मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास, उचित मुआवजा और आजीविका की निरंतरता सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने यह भी सुझाव दिया है कि यदि विधायक आवास कॉलोनी का निर्माण आवश्यक है, तो इसके लिए नवा रायपुर या किसी अन्य उपयुक्त शासकीय भूमि का चयन किया जाए, ताकि गरीब परिवारों को बेघर न होना पड़े।
इस पत्र की प्रतिलिपि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी भेजी गई है। अब इस मामले में राज्य सरकार क्या निर्णय लेती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

