धान खरीदी केंद्र में दूसरे किसान का धान खपाने की कोशिश, प्रशासन ने 36 क्विंटल धान किया जब्त
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 राजनांदगांव। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान विक्रय का मामला सामने आया है। राजनांदगांव विकासखंड के पदुमतरा धान खरीदी केंद्र में दूसरे किसान का धान खपाने की कोशिश को प्रशासनिक टीम ने जांच के दौरान पकड़ लिया। मामले में कार्रवाई करते हुए 36 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बासुला निवासी किसान गंगादास महिलांगे ने 36 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन कटवाया था। इसके बाद वह धान लेकर पदुमतरा खरीदी केंद्र पहुंचा। इसी दौरान प्रशासनिक टीम ने धान और संबंधित किसान के खेत का भौतिक सत्यापन किया। जांच में पाया गया कि किसान के खेत में धान की फसल अभी खड़ी थी और उसकी कटाई तक नहीं हुई थी।
इस पर संदेह होने के बाद जब पूछताछ की गई तो सामने आया कि किसान अपने खेत में उत्पादित धान के बजाय किसी दूसरे व्यक्ति का धान बेचने के लिए खरीदी केंद्र पहुंचा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की मौजूदगी में कार्रवाई की गई और 36 क्विंटल धान जब्त कर समिति प्रभारी की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।![]()
अवैध धान बिक्री पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए खरीदी केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान विक्रय, दूसरे के धान को खपाने या खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

