घुमका नगर पंचायत चुनाव : कांग्रेस के फूलमती वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी किरण वर्मा को 85 वोटों से हराया
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 राजनांदगांव // जिले के डोंगरगढ़ विधानसभा अंतर्गत नगर पंचायत घुमका में हुए नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा ने जीत दर्ज करते हुए भाजपा प्रत्याशी किरण वर्मा को करीब 85 मतों से पराजित कर दिया है। मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

एक जून को हुआ था मतदान
नगर पंचायत घुमका में अध्यक्ष और 15 पार्षद पदों के लिए 1 जून को मतदान कराया गया था। मतदान के बाद गुरुवार 4 जून को मतगणना की प्रक्रिया पूरी हुई। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में कांग्रेस की फूलमती वर्मा ने भाजपा की किरण वर्मा को लगभग 85 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की।
![]()
समर्थकों ने आतिशबाजी कर जाहिर की खुशी
परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। समर्थकों ने फूलमती वर्मा का फूल-मालाओं से स्वागत किया और जमकर आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। वहीं विजयी प्रत्याशी ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए नगर के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
कांग्रेस उम्मीदवार की जीत के बाद लोगों की अपेक्षाएं बढ़ीं
घुमका नगर पंचायत के चुनाव परिणाम को क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की जीत के बाद अब नगर पंचायत में विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों को लेकर नई अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं। फिलहाल घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।


