रैंप योजना अंतर्गत हथकरघा कंडरा केंद्र गंडई में सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण सम्पन्न
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़ // केंद्र सरकार की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के हस्तशिल्प केंद्र गंडई में हतशिल्प क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों हेतु सेक्टर स्पेसिफिक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार तथा राज्य शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन पहलों के तहत सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 30 उद्यमियों एवं महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना, स्वरोजगार के अवसर सृजित करना तथा प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्रदान करना रहा। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस प्रतिभागियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी वर्तमान गतिविधियों, कार्य प्रणाली एवं चुनौतियों की जानकारी ली गई। इसके पश्चात मास्टर ट्रेनर द्वारा वन-टू-वन मार्गदर्शन के माध्यम से संस्थागत ढांचे, अनुभवों एवं भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
द्वितीय दिवस केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, सब्सिडी प्रावधानों, ईडीपी प्रशिक्षण, कौशल विकास, मार्केटिंग रणनीतियों तथा उद्यम पंजीयन की आवश्यकताओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं अंतिम दिवस आयात-निर्यात की रणनीति, विभागीय समन्वय तथा भविष्य की मांगों के अनुरूप बांस का फर्नीचर (कुर्सी, मेज, पलंग), घरेलू सामान (टोकरियाँ, चटाई, झाड़ू, चॉपस्टिक), निर्माण सामग्री (बाड़, मचान, घर), हस्तशिल्प (लैंपशेड, सजावटी वस्तुएं), कागज, कपड़े, कोयला (Bamboo Charcoal), मुरब्बा और खाद्य पदार्थ (अचार, चटनी)आदि निर्माण पर केंद्रित रहा, जिससे हस्तशिल्पकारों को अतिरिक्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें व इसके प्रशिक्षण की मध्यस्थता, विभागीय मार्गदर्शन, मार्केटिंग आदि के अवसर उपलब्ध कराए जा सके।
प्रशिक्षण के अंतिम दिवस जिला प्रशिक्षुओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ, ऋण प्रणाली, सब्सिडी, वर्किंग कैपिटल एवं प्रस्तुति संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। यह प्रशिक्षण आदिवासी जनजाति समूह कंडरा समाज को प्रदान किया गया। ![]()
प्रशिक्षण में उद्यम रजिस्ट्रेशन भी किया गया । इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो व उपाध्यक्ष घश्याम पाल ताम्रकार की उपस्थिति प्रेरणादाई रहीं।
प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक बताया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर श्रीमती पारुल पाण्डेय, डिविजनल समन्वयक लोकेश सिन्हा एवं तुषार साहू की सक्रिय भूमिका रही। समापन अवसर पर चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


