बच्चों की किलकारियां गूंजने की जगह पर छलक रहे जाम, आंगनबाड़ी केंद्र में शराबखोरी के VIDEO वाइरल
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 गंडई- पंडरिया // नगर पंचायत गंडई के वार्ड क्रमांक 14 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक आंगनबाड़ी केंद्र के भीतर बैठकर बीयर पीते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि वायरल वीडियो वार्ड क्रमांक 14 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का है। वीडियो में दो युवक परिसर के भीतर बैठकर बीयर का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं तथा उनके पास शराब की बोतलें और अन्य सामग्री भी नजर आ रही है। लोगों का आरोप है कि इस घटना ने सरकारी संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, घटना के समय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता टंडन विभागीय बैठक में शामिल होने गई थीं। इस दौरान केंद्र की जिम्मेदारी सहायिका रिजिया टोन्ड्रे के पास थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि केंद्र सूना होने का फायदा उठाकर कुछ युवक भीतर पहुंच गए और कथित रूप से बीयर पीने लगे। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे परिसर का कथित रूप से इस तरह दुरुपयोग होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि केंद्र में पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था होती, तो ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न होती।
वायरल वीडियो के बाद वार्डवासियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि करने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित युवकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही घटना के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है।
फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर संबंधित विभाग या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो की सच्चाई क्या है और सरकारी परिसर की गरिमा बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
Vidio देखने क्लिक करें..



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)


