“कलाकारों की दुनिया” द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 3 दिवसीय कार्यक्रम, स्वच्छता दीदियों का किया सम्मान
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “कलाकारों की दुनिया” टीम द्वारा तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 6 से 8 मार्च तक आयोजित इस कार्यक्रम में कला, संगीत और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं का सम्मान किया गया तथा विभिन्न सांगीतिक व प्रेरणादायी कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
पहला दिवस: ‘खैरागढ़ के रत्न’ कार्यक्रम में डॉ. आकांक्षा सिंह रहीं अतिथि
कार्यक्रम के प्रथम दिवस 6 मार्च, शुक्रवार को “खैरागढ़ के रत्न” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सहायक चिकित्सक डॉ. आकांक्षा सिंह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उनसे खैरागढ़ और चिकित्सा सेवा से जुड़े अनुभवों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सामने लाने का प्रयास किया गया।


दूसरा दिवस: ‘सुरीला शनिवार’ में महिला गायिकाओं की मनमोहक प्रस्तुति
कार्यक्रम के दूसरे दिन 7 मार्च, शनिवार को साप्ताहिक सांगीतिक कार्यक्रम “सुरीला शनिवार” का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में नगर की प्रसिद्ध महिला गायिकाओं ने अपनी मधुर आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस दौरान मशहूर गायिका सुनीता गंगराले, शिक्षिका एवं लोककलाकार इंदिरा चंद्रवंशी तथा प्रधानपाठक व लोकगायिका रीना भगत ने शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में लोकगीतों और सुरीले गीतों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
तीसरा दिवस: स्वच्छता दीदियों और सशक्त महिलाओं का सम्मान
कार्यक्रम के तीसरे एवं अंतिम दिवस 8 मार्च, रविवार को स्वच्छता दीदियों तथा समाज में सशक्त और आत्मनिर्भर भूमिका निभा रही महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद एवं पूर्व महिला बाल विकास सभापति श्रीमती सुमन पटेल, ब्राइट स्पार्क एकेडमी स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती हरप्रीत कौर सुरी, समाजसेवी व जनपद सदस्य श्रीमती सरस्वती यदु तथा निर्मल त्रिवेणी महाअभियान की सदस्य समाजसेवी शबाना बेगम उपस्थित रहीं।
अतिथियों के करकमलों से नगर के मणिकंचन केंद्र की संचालिका श्रीमती जयश्री ताम्रकार और श्रीमती उर्मिला यादव का सम्मान किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता दीदियों में श्रीमती सावित्री गौकर, श्रीमती प्रभा भोंडेकर, श्रीमती फूलबाई पटेल, श्रीमती ललिता यादव, श्रीमती सरोज सारथी (सिविल अस्पताल खैरागढ़), श्रीमती नीरू निषाद (गढ़कलेवा) सहित सेवा निवृत्त स्वास्थ्य सहायिका श्रीमती ढेलाबाई यादव तथा ब्राइट स्पार्क एकेडमी की शिक्षिका एकता यादव को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन कलाकारों की दुनिया टीम की सदस्य सुनीता गंगराले ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं दिशा संस्थापक सदस्यों प्रदीप अग्रवाल, सावन सोनी, अभिषेक अग्रवाल और किशोर सोनी द्वारा तैयार की गई। वहीं कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन संरक्षक रूप कुमार यदु ने किया।
इस आयोजन में जिला पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष याहया नियाजी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में पत्रकार सन्नी यदु, दयाराम पटेल सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
डिजिटल स्टूडियो के माध्यम से बिखेर रहे संगीत के सुर
गौरतलब है कि संगीत नगरी खैरागढ़ में “कलाकारों की दुनिया” टीम डिजिटल स्टूडियो के माध्यम से संगीत को बढ़ावा देने का सराहनीय कार्य कर रही है। टीम में प्रदीप अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, किशोर सोनी और सावन सोनी शामिल हैं, जो फेसबुक लाइव के माध्यम से गीत-संगीत की प्रस्तुति कर लोगों को संगीत से जोड़ रहे हैं।
इसके साथ ही “खैरागढ़ के रत्न” नाम से एक विशेष एपिसोड श्रृंखला भी चलाई जा रही है, जिसमें खैरागढ़ की माटी के प्रतिभाशाली लोगों को सामने लाकर उनका साक्षात्कार किया जाता है। यह पहल स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और खैरागढ़ की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
कलाकारों की दुनिया टीम ने लोगों से अपील की है कि वे इस पहल से जुड़ें, फेसबुक पर कार्यक्रमों को देखें, फॉलो करें और शेयर कर स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित जरूर करें।
यहां क्रमशः क्लिक करके देख सकते है तीनो दिन का कार्यक्रम.. 1. DAY. 2. DAY. 3. DAY


