डोंगरगढ़ में नहीं थम रही चाकूबाजी, प्रेम-प्रसंग में युवक पर हमला
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कश्मीरी पारा हत्याकांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि शहर के क्रॉस पहाड़ी क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल युवक का रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में उपचार जारी है। मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने डोंगरगढ़ थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है।
प्रेम-प्रसंग के विवाद में हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की शाम करीब 7 बजे आर्यन तिवारी अपनी युवती मित्र के साथ क्रॉस पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद था। इसी दौरान महावीर पारा निवासी विक्रम कुल्लू (19) वहां पहुंचा। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि विक्रम ने पहले मारपीट की और फिर धारदार चाकू से आर्यन के पेट पर वार कर दिया।
ये भी पढ़ें : खुले में फेंके एक्सपायरी बिस्किट के पैकेट, गाय-कुत्तों ने खाए, ग्रामीणों में आक्रोश
हालत गंभीर, रायपुर रेफर
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल आर्यन को तत्काल डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री (राजनांदगांव) रेफर किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें : अब घर बैठे मिलेंगी सरकारी सेवाएं, सेवा सेतु का व्यापक प्रचार-प्रसार करने गांवों मे होगी मुनादी
साइबर टीम की मदद से आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस ने साइबर थाना राजनांदगांव की सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी विक्रम कुल्लू को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) एवं 109 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।![]()
यह भी पढ़ें : सड़क, खाद और बिजली को लेकर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन-चक्काजाम, घंटो फंसे रहे गाड़िया
अपराधियों के हौसले बढ़ रहे लगातार वारदातों से बढ़ी चिंता
डोंगरगढ़ में हाल के दिनों में चाकूबाजी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। कुछ दिन पहले कश्मीरी पारा में हुए चाकू हमले में एक युवक की मौत हो चुकी है। अब दूसरी बड़ी घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की गई है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। लेकिन सवाल उठता है की अपराधियों के हौसले बढ़ते हुए है.. क्या पुलिस का खौफ ख़त्म हो रहा है जो नशा का कारोबार बढ़ रहा..खुलेआम अपराधी चाकू लेकर घूम रहे और पुलिस को पता हीं नहीं.. पुलिस का सूचना तंत्र नाकाम हो गई है या फिर कोई और कारण है।

एसपी का बड़ा प्रशासनिक फैसला
डोंगरगढ़ क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने डोंगरगढ़ थाना में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रभारी निरीक्षक भूषण चंद्राकर को रक्षित केंद्र राजनांदगांव भेज दिया है। उनकी जगह प्रशिक्षु अधिकारी सुमन जायसवाल को डोंगरगढ़ थाना का प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा आरक्षक अशोक कुमार और मुकेश कुमार टांडे को भी लाइन अटैच किया गया है। निरीक्षक हरिनाथ रावत को बोरतलाव थाना प्रभारी तथा निरीक्षक द्वारिका मंडावी को अजाक थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही रक्षित केंद्र से तीन आरक्षकों की डोंगरगढ़ थाना में पदस्थापना की गई है।



![whatsapp-seeklogo[1]](https://khabar24x7.in/wp-content/uploads/2026/06/whatsapp-seeklogo1-300x89.png)

