प्रदेश भर में होगी 21 मई को PPHT प्रवेश परीक्षा, 33 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र, इन नियमों का करना होगा पालन , उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
छत्तीसगढ़ खबर डेस्क खबर 24×7 खैरागढ़ // पी.पी.एचटी. प्रवेश परीक्षा 2026 (Pre Pharmacy Test) का आयोजन 21 मई 2026, गुरुवार को प्रदेश के सभी 33 परीक्षा जिलों में किया जाएगा। यह परीक्षा बी. फार्मेसी एवं डी. फार्मेसी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित की जा रही है। परीक्षा का समय पूर्वान्ह 10:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा संचालन को लेकर व्यापम द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं तथा सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने कहा गया है।
| जिले में परीक्षा केंद्र के रूप में रश्मि देवी महाविद्यालय, खैरागढ़ को निर्धारित किया गया है, जहां 228 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। |
एक दिन पहले परीक्षा केंद्र देखना अनिवार्य
परीक्षार्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षा तिथि से एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य किया गया है, जिससे पहचान सत्यापन एवं फ्रिस्किंग की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

9:30 बजे के बाद बंद हो जाएगा प्रवेश द्वार
व्यापम द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 9:30 बजे के बाद पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा सुबह 10:00 बजे प्रारंभ होकर दोपहर 1:15 बजे समाप्त होगी।
![]()
हल्के रंग के कपड़े अनिवार्य, कई वस्तुओं पर प्रतिबंध
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित रहेगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी तथा कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को अनावश्यक आभूषण, जैकेट, भारी कपड़े अथवा प्रतिबंधित सामग्री साथ लाने से बचने कहा गया है, ताकि फ्रिस्किंग प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मूल पहचान पत्र साथ लाना होगा अनिवार्यपरीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी परीक्षार्थियों की पहचान फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र के माध्यम से की जाएगी। बिना मूल पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक परीक्षार्थी की फ्रिस्किंग (Frisking) के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। |
मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं संचार उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल आवश्यक दस्तावेज एवं निर्धारित सामग्री ही साथ लाने की अनुमति होगी।
व्यापम ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करने अथवा नियमों का उल्लंघन करने वाले परीक्षार्थियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी तथा उनकी अभ्यर्थिता निरस्त की जा सकती है।


